6 मई 2015 - 17:11
 इराक़ में जनसंहार का क्रम जारी।

इराक़ में आतंकवादियों द्वारा आम नागरिकों के जनसंहार का क्रम यथावत जारी है।

इराक़ में आतंकवादियों द्वारा आम नागरिकों के जनसंहार का क्रम यथावत जारी है।
इराक़ के एक सैन्य सूत्र ने बताया है कि नैनवा प्रांत के मूसिल नगर में आतंकियों ने पुनः आम नागरिकों का जनसंहार किया है। मिडिल ईस्ट पानोरामा की रिपोर्ट के अनुसार इराक़ के एक सुरक्षा सूत्र ने बताया कि आईएसआईएल के आतंकियों ने मूसिल सिटी से भाग निकलने के लिए नक़ली लाइसेंस बनाने के आरोप में 35 आम नागरिकों को मौत के घाट उतार दिया। इस सूत्र का कहना है कि इन लोगों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच गोलियां मारी गईं। आतंकियों ने मारे गये लोगों के परिजनों को उनकी शवयात्रा में भाग लेने की अनुमति नहीं दी। इस सूत्र ने बताया कि आतंकियों ने मारे गये लोगों के परिजनों को आदेश दिया है कि वे उन गोलियों की क़ीमत अदा करें जिनसे उनके परिजनों को मारा गया है। आतंकी संगठन आईएसआईएल ने पिछले शुक्रवार को नगर से निकल कर जाने के लिए लाइसेंस जारी करने वाले कार्यालयों के लगभग पचास लोगों को गिरफ़्तार कर लिया था और दसियों कार्यालय बंद कर दिए थे। आतंकियों ने मूसिल सिटी के हज़ारों नागरिकों को जेल में बंद कर रखा है और उनकी महिलाओं को दासी बना लिया है।
दूसरी ओर नैनवा और अंबार प्रांतों में सेना ने कार्यवाही करते हुए भारी प्रगति की है।